Saturday, March 28, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया लेबर-20 सम्मेलन का उद्घाटन

 उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया लेबर-20 सम्मेलन का उद्घाटन

बीएमएस दुनिया का सबसे बड़ा गैर राजनीतिक संगठन, इसका भाजपा से कोई संबंध नहींः अनुपम

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को होटल फार्च्यून में बैंक आफ इंडिया वर्कर्स आर्गेनाइजेशन की ओर से आयोजित लेबर-20 सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं देश की समृद्धि में बैंकों का विशेष योगदान है। दुग्ध उत्पादन एवं गेहूं उत्पादन में आज उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। सभी क्षेत्रों में तरक्की के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने भय मुक्त वातारण दिया है। उन्होंने कहा कि मैं सरकार के साथ-साथ भारतीय मजदूर संघ के कार्यों की सराहना कर करता हूं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में भारतवर्ष की लोकप्रियता बढ़ी है। पिछले नौ वर्षों के अंदर ही मोदी सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हो गये हैं। भारत के लिए जी-20 की अध्यक्षता करना हमारे लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर भारतीय मजदर संघ (बीएमएस) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम और बीएमएस के पूर्व वित्त सचिव सर्वेश चन्द्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने कहा कि बीएमएस का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। कर्मचारियों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। बीएमएस दुनिया का सबसे बड़ा गैर राजनीतिक संगठन है। गैर राजनीतिक संगठन होने के नाते ही हमें अन्य मजदूर संगठनों से अलग करता है। अन्य जितने भी श्रमिक संगठन हैं वह किसी न किसी राजनीतिक दल के सदस्य हैं। पहले लाल झंडा ही ट्रेड यूनियनों की पहचान हुआ करती थी आज स्थिति बदली है और पूरी दुनिया में बीएमएस की धाक है।

बीएमएस के पूर्व वित्त सचिव सर्वेश चन्द्र ने कहा कि बीएमएस राष्ट्रहित, उद्योग हित एवं मजदूर हित को ध्यान में रखकर काम करता है। बीएमएस का दृष्टिकोण लोकहितकारी है। शोषितकारी आर्थिक नीति को बदलने की जरूरत है। इसके लिए ट्रेड यूनियन एवं मजदूरों को जागृत होने की जरूरत है। आर्थिक नीति एवं श्रम नीति विश्व की दिशा बदल सकते हैं। आने वाले समय में बीएमएस देश का भाग्य बदलने वाला है।

बैंक आफ इंडिया के सहायक प्रबंधक विवेक निगम ने कहा कि सरकारी बैंक भारतीय अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है। इसलिए बैंक ग्रोथ करेगा तो देश ग्रोथ करेगा। आज स्किल्ड लोगों की बैंक को जरूरत है। सरकारी बैंकों का काम सेवा का है। बैंक कर्मचारियों को ग्राहक सेवा को सर्वोपरि मानकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर महाप्रबंधक बैंक आफ इंडिया विश्वजीत मिश्रा, बैंक आफ इंडिया लखनऊ अंचल के प्रबंधक मनोज श्रीवास्तव और एनओबीडब्ल्यू के राष्ट्रीय महामंत्री मनमोहन दास प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बृजनन्दन/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular