– पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के बाद नवजात बच्चों को अन्न खिलाया
वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को आराजी लाइन ब्लॉक का निरीक्षण किया। ब्लॉक परिसर में समूह की महिलाओं तथा बाल विकास परियोजना द्वारा लगाए गए स्टालों का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। उन्होंने स्टॉल पर प्री एजुकेशन किट, ग्रोथ डिवाइजर (वजन संबंधी उपकरण) पुष्टाहार से निर्मित व्यंजनों का अवलोकन भी किया।
उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किये गये तिरंगा झंडा, बैग, पर्स, साड़ी को देख उत्पाद की सराहना की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं से बातचीत कर उसके निर्माण की प्रक्रिया को भी पूछा। उन्होंने अफसरों को सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री ने बाल विकास परियोजना की पहल पर राधिका, सुमन, पूनम, खुशबू, आरती, पूजा आदि गर्भवती महिलाओं की गोद भराई पुष्प वर्षा कर की। इसके अलावा उन्होंने वेद प्रताप, प्रांजल, कृष्णा इत्यादि नवजात शिशुओं को माला पहनाकर अन्नप्राशन भी कराया।
उन्होंने इस दौरान युवक मंगल दल आराजी लाइन के अध्यक्ष राम सिंह से कहा कि हर घर तिरंगा लगवाए और सभी घर तिरंगा बांटने का निर्देश दिया। इस मौके पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल, प्रमुख प्रतिनिधि डॉ महेंद्र सिंह पटेल, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार जायसवाल ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया।
उपमुख्यमंत्री ने चौखण्डी में अमृत सरोवर का लिया जायजा
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चौखण्डी में अमृत सरोवर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ये योजना कोई साधारण योजना नहीं है। यह आने वाली 10 पीढ़ियों के लिए एक सौगात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव की शुरुआत की। अमृत सरोवर पूरे गांव की संपत्ति होती है। आप सबकी जिम्मेदारी है कि सरोवर को सुरक्षित रखें।
केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने का संकल्प लेने की जरूरत है। सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। सरकारी योजनाओं का सुरक्षा करना सबकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वाराणसी के पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सेवापुरी के विधायक नील रतन पटेल उर्फ नीलू भी मौजूद रहें। सेवापुरी ब्लॉक के ठठरा प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए।
श्रीधर
