कानपुर देहात (हि.स.)। कमिश्नर के दौरे को लेकर जनपद में इस वक्त हड़कम्प मचा हुआ है। सभी विभाग अपने-अपने कार्यालय और कागजों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित करने में लगे हुए हैं। जिसकी जांच के लिए उप जिलाधिकारी प्रशासन ने बुधवार को कुछ विभागों का निरीक्षण किया।
कानपुर मंडल के आयुक्त डॉ राज शेखर 04 दिसम्बर को कानपुर देहात आ रहे हैं। यहां पर वह किसी भी विभाग का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। जिसको लेकर कलेक्ट्रेट विभाग में बने सभी विभाग अपनी तैयारियां कर रहे हैं। कुछ जगह साफ सफाई चल रही है तो कहीं कार्यालयों की पुताई करवाई जा रही है। सभी विभाग अपने कागजों को भी सुरक्षित आउट सुव्यवस्थित करने में लगे हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को जनपद की उप जिलाधिकारी प्रशासन गरिमा सिंह ने खनन विभाग और डूडा विभाग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागों में फैली गंदगी को देखकर नाराजगी दिखाई। इसके साथ डूडा विभाग में अभिलेख सही से न रख पाने और गंदगी देखकर उन्होंने सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को रात भर रुककर सफाई करवाने के निर्देश दे दिए। कमिश्नर के आने की सूचना से सभी विभाग भी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
