लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में डीएलएड, बीटीसी, टीईटी की परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके नौजवानों ने 97 हजार शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव किया। बापू भवन चौराहे से आगे बढ़कर विधानसभा घेरते हुये नौजवानों का पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हुई। पुलिसकर्मियों ने बलपूर्वक सैकड़ों नौजवानों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा।
हजरतगंज चौराहे और लालबाग चौराहे से लोकभवन होते हुये सैकड़ों की संख्या में नौजवानों का विधानसभा तक पहुंचना हुआ। हाथों में तख्तियां लेकर नौजवानों ने सरकार को शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द कराने की मांग की। विधानसभा के घेराव के वक्त कुछ नौजवानों ने भागते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर सड़क जाम करने की कोशिश की।
भाजपा कार्यालय के बाहर सड़क पर लेटकर यातायात प्रभावित कर रहे नौजवानों को पुलिसकर्मियों ने हाथों में उठा लिया और वज्र वाहन में लादकर इको गार्डन भेजवाया। वही विधानसभा के सामने से भी नौजवानों को वाहनों के बैठाकर गार्डन भेज दिया गया। परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके नौजवानों ने अपनी मांगों को दोहराते हुये कहा कि ये सरकार शिक्षक भर्ती का आश्वासन देती है। जब तक ठोस निर्णय नहीं होगा, अभ्यर्थी प्रदर्शन करते रहेंगे।
