-पात्र पाये गये नवीन आवेदकों के 3.92 लाख नये राशनकार्ड जारी
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के सभी जनपदों में अन्त्योदय राशनकार्डों के सत्यापन के बाद कुल 66,016 राशनकार्ड और इसी प्रकार पात्र गृहस्थी राशन कार्डाें के सत्यापन के फलस्वरूप 2,79,676 राशनकार्ड निरस्त किये गये हैं। खाद्य आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को वर्तमान में प्रचलित अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशनकार्डों का सत्यापन कराये जाने के निर्देश दिए थे।
अपर खाद्य आयुक्त अनिल कुमार दुबे ने बुधवार को बताया कि इस अवधि में पात्र पाये गये नवीन आवेदकों को 3,92,164 नये राशनकार्ड भी जारी किये गये हैं। उन्होंने बताया कि इस पुनर्विलोकन की प्रक्रिया के फलस्वरूप नये पात्र व्यक्तियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत आच्छादित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अन्त्योदय अन्न योजनान्तर्गत वर्तमान में प्रत्येक कार्डधारक को 20 किलोग्राम गेहूं 02 रुपये प्रति किलोग्राम, 15 किलोग्राम चावल 03 रुपये प्रति किलोग्राम तथा 01 किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्रतिमाह प्रदान किया जा रहा है। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 03 किलोग्राम गेहूं 02 रुपये प्रति किलोग्राम तथा 02 किलोग्राम चावल 03 रुपये प्रति किलोग्राम प्रति यूनिट की दर से वितरित किया जा रहा है।
उप्र: 66,016 अन्त्योदय और 2.79 लाख पात्र गृहस्थी राशनकार्ड निरस्त
RELATED ARTICLES
