Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: 19 से 30 नवम्बर तक चलेगा फोकस सैम्पलिंग के दूसरा चरण...

उप्र: 19 से 30 नवम्बर तक चलेगा फोकस सैम्पलिंग के दूसरा चरण का अभियान

-कोविड संक्रमित लोगों की होगी पहचान व इलाज

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के कुछ जनपदों में कोरोना का ग्राफ बढ़ने के बाद अब संक्रमण रोकने के लिए योगी सरकार दूसरे चरण में 19 से 30 नवम्बर तक 12 दिन का फोकस सैम्पलिंग अभियान चलाएगी। इसके तहत अलग-अलग दिन विभिन्न समूह के लोगों की कोरोना जांच की जाएगी। 
प्रदेश में इस तरह का यह दूसरा अभियान होगा। इससे पहले 29 अक्टूबर से ऐसे लोगों को लेकर 16 दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया था, जो आमतौर पर ज्यादा व्यक्तियों के सम्पर्क में रहते हैं। इनकी फोकस सैम्पलिंग की गई थी। 
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि टारगेट सैम्पलिंग के दूसरे अभियान में 19, 20 व 21 नवम्बर को शहर की मलिन बस्तियों में और 22 तारीख को अस्थायी या स्थायी जेल में सैम्पलिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि 23 तारीख को बाल सुधार गृह, बालिका सुधार गृह आदि में, 24 को वृद्धाश्रम और नारी निकेतन में, 25 को रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों की, 26 को कक्षा 09 से 12 के शिक्षण कार्य में लगे शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की, 27 को सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों में और 28, 29 व 30 को बाजारों-साप्ताहिक बाजारों में रैंडम सैम्पलिंग की जाएगी। फोकस सैम्पलिंग के माध्यम से कोविड संक्रमित लोगों की पहचान व इलाज किया जाएगा। 
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि वृद्धजन, गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चों तथा पूर्व में किसी अन्य बीमारी से ग्रसित लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए। संक्रमण से बचने के लिए मास्क के उपयोग नियमित हाथ धोने तथा उचित दूरी बनाये रखे। उन्होंने कहा कि कोरोना से उपचारित लोगों को यदि कोई समस्या हो तो उनके लिए पोस्ट कोविड केयर सेन्टर भी कार्य कर रहे हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular