– मनोचिकित्सकों के माध्यम से 441 काउन्सलिंग करायी गयी
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों के विरूद्ध हो रहे अपराधों को नियंत्रित करने और उनको सहायता प्रदान करने के लिए वीमेन पावर लाइन-1090 व अन्य सम्बन्धित कार्यरत इकाइयों द्वारा निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस विभाग के अन्तर्गत महिलाओं से सम्बन्धित कार्यरत इकाइयों वीमेन पावर लाइन-1090, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, सीबीसीआईडी के पुलिस महिला सहायता प्रकोष्ठ को समेकित करते हुए महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की स्थापना की गयी है। इसके द्वारा लगातार महिला सम्बन्धी अपराधों पर रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसको और अधिक सक्रिय किया गया है।
श्री अवस्थी ने बताया कि विभिन्न श्रोतों से महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों की शिकायतों के डेटा को एकत्र कर दोषी व्यक्तियों की पहचान करने और उनके विरूद्ध इलेक्ट्रानिक साक्ष्य एकत्र करने और उसके विश्लेषण एवं मिलान की कार्यवाही के लिए सेफ सिटी परियोजना के अन्तर्गत 1090 के के लिए अत्याधुनिक डाटा विश्लेषिकी केन्द्र एवं साइबर फोरेन्सिक लैब स्थापित किया गया है।
अपर पुलिस महानिदेशक, 1090, से मिली जानकारी के अनुसार महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ टेलीफोन द्वारा छेड़खानी, विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न। छोटे-छोटे अपराधों को बिना थाने जाए शैशव स्तर पर रोकने के उददेश्य से स्थापित वीमेन पॉवर लाइन 1090 पर बीते वर्ष 2020 में कुल 2,81,830 शिकायतें दर्ज हुई हैं।
कुल दर्ज 2,81,830 शिकायतों में से 1,74,933 शिकायतें फोन बुलिंग एवं साइबर बुलिंग से संबंधित थी, जिसको सीधे 1090 द्वारा निस्तारित किया जा रहा है। अभी तक 1,54,618 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतें निस्तारण की प्रक्रिया में हैं। इसके अतिरिक्त 2,849 शिकायतें स्टाकिंग से संबंधित हैं व 1,04,048 शिकायतें अन्य प्रकरणों से संबंधित होने के कारण उन्हें जनपदीय पुलिस, जीआरपी, यूपी-112 को अन्तरित किया गया है।
अपर पुलिस महानिदेशक, 1090 ने यह भी बताया है कि 1090 की साइबर सेल द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध बनाये जाने के लिए सेफ सिटी परियोजना के अन्तर्गत 1090 की साइबर सेल को सुदृढ़ीकृत किया गया है। इसके अन्तर्गत अत्याधुनिक साइबर फॉरेन्सिक टूल्स का उपयोग करते हुए इस प्रकार की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी स्थान विशेष पर पीछा करना या छेड़खानी सम्बन्धी घटना की सूचना (एक्टिव स्टॉकिंग) प्राप्त होने पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पीड़िता को मदद पहुंचायी जाती है। इस कार्य के लिए सेफ सिटी परियोजना के अन्तर्गत 1090 का यूपी-112 से इण्टीग्रेशन किया गया है, जिसके माध्यम से 1090 में प्राप्त सूचना को तत्काल यूपी-112 में स्थानान्तरित करते हुए पुलिस बल को मौके पर भेजकर 1090 द्वारा लगातार फालोअप किया जाता है। एक्टिव स्टॉकिंग का एसएमएस अलर्ट सम्बन्धित उच्चाधिकारियों के सीयूजी मोबाइल पर भी प्रेषित होता है।
उल्लेखनीय है कि, पारिवारिक विवाद के प्रकरणों में वीमेन पावर लाइन द्वारा ऑनलाइन काउन्सलिंग की सेवा का शुभारम्भ दिनांक 17 अक्टूबर से प्रारम्भ किया गया है। जिसमें अब तक मनोचिकित्सकों के माध्यम से 441 काउन्सलिंग करायी गयी
Submitted By: Deepak Varun Edited By: Mohit Verma
