प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज ने सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक) पुरूष-महिला शाखा परीक्षा 2018 जो 29 जुलाई 2018 को सम्पन्न हुई थी, मंगलवार को परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार सामाजिक विज्ञान महिला शाखा में अनारक्षित श्रेणी की 464, अ.पि. वर्ग की 250, अनु.जाति 195 तथा अनु.जनजाति की 19 रिक्तियों अर्थात् कुल 928 रिक्तियों के सापेक्ष 927 अभ्यर्थी औपबन्धिक रूप से चयनित हैं। जिसमें अनारक्षित श्रेणी की एक रिक्ति उच्च न्यायालय में योजित याचिका संख्या 13618/2018 में होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रखते हुए रोकी गयी है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
आयोग के उप सचिव एवं जनसम्पर्क अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव ने बताया है कि चयनित अभ्यर्थी अपने वांछित मूल अभिलेखों के सत्यापन हेतु आयोग द्वारा अलग से जारी होने वाली विज्ञप्ति के अनुसार उपस्थित होकर अपने अभिलेखों का सत्यापन करा लें, अन्यथा उनका चयन निरस्त कर दिया जायेगा।
