लखनऊ (हि.स.)। बापू भवन सचिवालय में पिछले दिनों नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव के निजी सहायक खुद को गोली मारने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद नाराज हैं। उन्होंने सचिवालय समेत सभी सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने को लेकर समीक्षा करने और इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने की टीम-9 की बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां टीम- 9 की बैठक में कहा कि सचिवालय सहित सभी संवेदनशील शासकीय कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की जरूरत है। अपर मुख्य सचिव गृह, एडीजी कानून-व्यवस्था व सचिवालय प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। असलहा लेकर किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। पान-मसाला, गुटखा, तम्बाकू आदि पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए। शासकीय कार्यालयों के बाहर व भीतरी परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। महिला कर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।
