Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र विस चुनाव: आचार संहिता के अनुपालन में हटाई गयी 36,65,235 प्रचार-प्रसार...

उप्र विस चुनाव: आचार संहिता के अनुपालन में हटाई गयी 36,65,235 प्रचार-प्रसार सामग्री

– अब तक 5.59 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 2,55,248 लीटर मदिरा बरामद

– 10.89 करोड़ से अधिक मूल्य का गांजा जब्त, 2.07 करोड़ रुपये कैश बरामद

– 4,65,354 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराये गये, 184 लाइसेंस जब्त, 501 लाइसेंस रद्द

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शनिवार को बताया कि प्रदेश भर में लागू आदर्श आचार संहिता के तहत अब तक कुल 36,65,235 प्रचार-प्रसार सामग्री हटायी गयी है, जिसमें से सार्वजनिक स्थानों से 27,13,344 एवं निजी स्थानों से 9,51,891 प्रचार-प्रसार सामग्री हटायी गयी हैं।

बताया कि विगत 24 घंटों में सार्वजनिक स्थानों से कुल 2,38,730 प्रचार सामग्री हटाई गयी, जबकि निजी स्थलों से कुल 74,668 प्रचार सामग्री हटाई गयी है। उन्होंने बताया कि विगत 24 घंटों में सार्वजनिक स्थलों से वाल राइटिंग के कुल 21,885, पोस्टर के 1,06,091, बैनर के 73,227 तथा 27,527 अन्य मामलों में कार्रवाई की गयी है। इसी प्रकार निजी स्थलों से वाल राइटिंग के 6801, पोस्टर के 31,938, बैनर के 23,581 तथा 12,348 अन्य मामलों में कार्रवाई की गयी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, समावेशी एवं कोविड सुरक्षित मतदान के लिए प्रदेश की कानून व्यवस्था के साथ आदर्श आचार संहिता को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में पुलिस, आयकर, आबकारी, नारकोटिक्स एवं अन्य विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है, जिसमें पुलिस विभाग द्वारा अब तक 4,65,354 लाइसेन्सी शस्त्र जमा कराये गये हैं। अब तक 184 लाइसेन्स जब्त किये गये तथा 501 लाइसेन्सों को निरस्त किया गया है। इसी प्रकार सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुये 14,14,642 लोगों को पाबन्द किया गया।

बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में अब तक 71 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करायी गयी है, जिसमें से 20 लोगों के विरुद्ध विगत 24 घंटों में एफआईआर दर्ज की गयी है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा अब तक 2739 शस्त्र, 2879 कारतूस, 186 विस्फोटक एवं 42 बम बरामद किये गये।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा अब तक 5.59 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 2,55,248 लीटर मदिरा जब्त की गयी हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग की कार्रवाई में अब तक लगभग 2.07 करोड़ रुपये कैश भी बरामद किया गया है। इसी प्रकार नारकोटिक्स एवं पुलिस विभाग द्वारा अब तक 10.89 करोड़ रूपये से अधिक मूल्य का 4583 कि0ग्रा0 गांजा जब्त किया गया है।

राजेश/ पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular