लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित ने मंगलवार को जनपद देवरिया सदर विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपठी को विधान सभा की सदस्यता की शपथ दिलायी।
विधान सभा अध्यक्ष ने उन्हें संविधान, विधान सभा कार्य संचालन नियमावली, स्वलिखित पुस्तक ‘हिन्द स्वराज्य का पुनर्पाठ, ‘भारत बोध’ एवं‘संसदीय दीपिका’ के अक्टूबर अंक की प्रति भेंट की। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने नव-निर्वाचित सदस्य विधान सभा को बधाई देते हुए कहा कि वह विधान सभा में एक जागरूक एवं सफल विधायक के रूप में कामयाब हों और जीवन में यशस्वी हों तथा सदन में होने वाले वाद विवाद में हिस्सा लेकर अपने क्षेत्र की जनता के जनहित की समस्याओं के निराकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सतीश द्विवेदी व पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री जय प्रताप निषाद व उप्र विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
