लखनऊ (हि.स.)। विधान भवन में गुरुवार से शुरु होने वाले बजट सत्र को लेकर बुधवार को सयुंक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोरा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। विधान भवन की सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। विधान भवन में पुलिस की कड़ी चौकसी के साथ ही एटीएस कमांडो को तैनात किया जायेगा।
गुरुवार से विधान भवन में बजट सत्र शुरु होने वाला है। इससे दो दिन पहले मंगलवार यूपी एसटीएफ ने पीएफआई के कमांडर और हथियारों की ट्रेनिंग देने वाले को गिरफ्तार किया था। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोट बरामद हुए थे। पकड़े गए दोनों आतंकी राजधानी को सीरियल ब्लास्ट से दहलाने की योजना थी। इसके बाद एटीएस, एसटीएफ और सुरक्षा जांच एजेंसियों ने अपनी जांच शुरु कर दी है।
इस संबंध संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन का कहना है कि अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में बैठक की गयी है। कल से विधान भवन में शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी फोर्स के अलावा एटीएस को भवन की सुरक्षा में लगाया जायेगा।
