Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ.

उप्र विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ.

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यकारी सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने विधान भवन के तिलक हॉल में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। 

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के सभी दस सदस्यों ने शपथ ली, लेकिन समाजवादी पार्टी के सदस्य राजेन्द्र चौधरी शपथ लेने नहीं पहुंचे। हाल ही में विधान परिषद में 12 सदस्य नवनिर्वाचित हुए हैं, जिनमें कुंवर मानवेंद्र सिंह समेत भाजपा के 10 और सपा के दो सदस्य शामिल हैं।
उच्च सदन के नवनिर्वाचित सदस्यों में भाजपा की तरफ से सबसे पहले उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मण आचार्य, महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति, अरविंद कुमार शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा के सलिल विश्नोई को बाद में सभापति कक्ष में शपथ दिलाई गई। वहीं सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी किसी कारणवश आज शपथ लेने नहीं पहुंचे। 
इससे पहले भाजपा के नवनिर्वाचित सदस्य कुंवर मानवेंद्र सिंह विधान परिषद के प्रोटेम स्पीकर बनाए गए हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विगत रविवार को राजभवन में उन्हें कार्यकारी सभापति की शपथ दिलाई। विधान परिषद के सभापति रमेश यादव का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया। इसलिए मानवेंद्र सिंह को नई जिम्मेदारी दी गई है। 
मानवेंद्र सिंह झांसी से एमएलसी हैं। वह पहले भी उच्च सदन में कार्यकारी सभापति का दायित्व संभाल चुके हैं। आज भी उन्होंने कार्यकारी सभापति के तौर पर विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। इससे पहले उन्होंने रविवार को ही सपा के नवनिर्वाचित सदस्य अहमद हसन को अपने कार्यालय कक्ष में शपथ दिलायी थी। अहमद हसन विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किए गए हैं। उच्च सदन में अभी भी प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी का बहुमत है।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शपथ लेने के बाद अपने ट्वीट में कहा कि प्रभु श्रीराम एवं आप सभी के आशीर्वाद से आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। मुझे पुनः यह महत्वपूर्ण दायित्व देने के लिए शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों ने स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य सदस्यों के शपथ लेने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular