-महिलाओं की सुविधा को लेकर बनाये गए 50 पिंक बूथ
लखनऊ(हि.स.)। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने कमर कस ली है। गुरुवार को इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने कई बिन्दुओं पर अहम जानकारियां दी हैं।
मोर्डिया ने बताया कि राजधानी में कुल 09 विधानसभाएं हैं। इनमें छह विस क्षेत्र पूर्णरूप से तो तीन आंशिक रूप से कमिश्नरेट में आते हैं। चुनाव के लिए कुल 1102 मतदान केंद्र और 3394 मतदेय स्थल कमिश्नरेट में स्थापित किए गए हैं। अगर सुरक्षा की दृष्टि से बात की जाए तो कुल मतदान केंद्रों को 42 जोन एवं 183 सेक्टर में विभाजित किया गया है। राजधानी की सीमा को सील करने के लिए कुल 19 अन्तरजनपदीय बैरियर लगाये जा रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय पुलिस बलों के साथ सिविल पुलिस एवं अन्य सहायक बलों को तैनात किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा को लेकर कुल 50 पिंक बूथ बनाये गये हैं। इन बूथों पर महिलायें बिना किसी असुविधा के मतदान कर सकेगी।
लखनऊ में 1788 हिस्ट्रीशीटर
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव को सम्पन्न कराये जाने के लिए समस्त थाना क्षेत्रों में 183 क्लस्टर मोबाइल लगाये जायेंगे। राजधानी में कुल 1788 हिस्ट्रीशीटर है, जिनका भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। इनमें से 1602 के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही प्रचलित है। शेष की उम्र अधिक होने के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बताया कि कुल 37086 लाइसेंसी शस्त्र है, जिनमें 16,000 शस्त्र जमा कराये जा चुके हैं। इसके अलावा स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा छूट देने के उपरांत शेष सभी शस्त्रों को शत-प्रतिशत जमा कराये जाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 53 लाइसेंस शस्त्र धारकों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं एवं 59 लाइसेंसी शस्त्र धारकों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
2,249 वांछित गिरफ्तार
वांछित और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने अब तक गैर जमांतीय वारंट के तहत 558 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही 2,249 वांछितों की गिरफ्तारी हुई है। धारा 151 के तहत 5,561 व्यक्तियों का चालान कर उन्हें पाबंद कराया जा चुका है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है तथा 78 व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। चार व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 48,31,77,240 रुपये की सम्पत्ति जब्त की है। 67 व्यक्तियों को जिला बदर किया गया। 147 अवैध शस्त्र, 292 कारतूस व असलहा फैक्टरी पकड़ी है। अबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 7,778 लीटर शराब बरामद किया गया, जिनमें 23 भट्टी भी शामिल है।
दीपक
