– विपक्ष के पास नहीं है कोई मुद्दा, दोबारा होगी भारी जीत
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पाटियां तैयारियों में जुटी हुई हैं। खासकर सत्ताधारी पार्टी भाजपा संगठन के लिहाज से अन्य राजनीतिक पार्टियों से कई कदम आगे है। इस पार्टी के राष्ट्रीय नेता विधान सभावार बूथ की हकीकत जानने के लिए जिले स्तर तक ताबड़तोड़ प्रवास कर रहे हैं।
यूपी के प्रत्येक विधानसभा में कमल खिलाने के लिए शनिवार को कानपुर में कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र की बैठक चल रही है, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि हर बूथ में सौ नये सदस्य बनाना है। यही सदस्य विधान सभा चुनाव में संजीवनी साबित होंगे।
कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता योगी सरकार के कामकाज खुश है और विपक्ष की वही स्थिति है जो 2017 में थी। इसीलिए विपक्ष बौखलाया हुआ है और जनता बराबर उनका मजाक उड़ा रही है। विपक्ष के पास कोई भी ऐसा मुद्दा नहीं है जिस पर जनता विश्वास कर सके। हमें अपने संगठन को और मजबूत करना है और जीत को लेकर निश्चिंत रहे। जिस प्रकार जनता का रुझान है उससे साफ है कि आगामी विधान सभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा की भारी जीत होने जा रही है।
महामंत्री संगठन सुनील बंसल का उद्बोधन चल रहा था और मंच पर उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी अन्नापूर्णा देवी यादव, उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, क्षेत्रीय प्रभारी प्रियंका रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, सुधीर गुप्ता, कमलावती, दिनेश कोरी आदि मौजूद रहें।
