लखनऊ(हि.स.)। विधानसभा सदन में मणिपुर को लेकर चर्चा नहीं की जाएगी। यह सदन दूसरे प्रदेशों की चर्चा करने के लिए नहीं है। उत्तर प्रदेश का सदन प्रदेश और जनता के विकास को लेकर बुलाया गया। इसलिए किसी भी अन्य प्रदेश की चर्चा नहीं होगी। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरूआत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन में विपक्ष दलों के मणिपुर की घटना पर चर्चा कराए जाने का जवाब देते हुए कही।
उन्होंने कहा कि उप्र विधानसभा के न नियम में यह है, न नियमावली में और न ही परम्परा में है। इसलिए प्रदेश के विकास के लिए बुलाए गए सदन में उप्र की चर्चा ही की जाएगी। इस दौरान विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा हंगामा किया जाता रहा।
हंगामा कर रहे सपा, कांग्रेस, रालोद सहित अन्य नेतागणों को समझाते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने नजीर देते हुए कहा कि क्या कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और राजस्थान पर क्यों नहीं चर्चा होनी चाहिए। अगर मणिपुर पर इस सदन में चर्चा होगी तो वह दूसरे राज्यों पर भी चर्चा होनी चाहिए, जो नियम विरूद्ध है। दूसरे राज्यों की चिंता छोड़कर उप्र के विकास के लिए चर्चा करें। इसके लिए सत्ता दल जवाब देने के लिए तैयार है। चर्चा से विपक्ष मणिपुर या अन्य राज्यों की चर्चा को मुद्दा आगे लगाकर जनहित के लिए बुलाए सदन के समय को बर्बाद न करें।
मोहित/राजेश
