Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र : विधानसभा अध्यक्ष और राज्यपाल ने रक्षाबन्धन पर्व पर प्रदेशवासियों को...

उप्र : विधानसभा अध्यक्ष और राज्यपाल ने रक्षाबन्धन पर्व पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रक्षाबन्धन पर्व की पूर्व संध्या पर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा है कि भारतीय परम्परा में पुरोहित भी रक्षासूत्र बांधते हैं और जनमानस के दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। राखी का त्योहार भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का त्योहार माना गया है। बहनें अपने भाइयों की कलाई में राखी बांध उनकी लम्बी उम्र और समृद्धि की कामना करती हैं। भारत का राष्ट्र जीवन रिश्तों में ही एकात्मक बना रहता है। श्री दीक्षित ने कोरोना महामारी के इस दौर में आमजन मानस से अपील की है कि कोविड-19 प्रोटोकाल को मानते हुए इस पवित्र त्योहार को मनायें।

वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुख, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की है। उन्होंने अपने बधाई सन्देश में कहा है कि भाई-बहन के प्रेम एवं रक्षा के वचन का यह पर्व पूरे देश में मनाया जाता है। वर्तमान समय में देश एवं दुनिया कोरोना जैसी महामारी से लड़ रहे हैं। इन परिस्थितियों में सभी लोग टीकाकरण कराएं, स्वस्थ एवं कुशल रहें, प्रगति करें और सशक्त बनें।

उन्होंने महिलाओं को रक्षाबन्धन की विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा है कि वे अपना रक्षा कवच स्वयं बनने के साथ-साथ अपने परिवार, गांव, समाज, प्रदेश एवं देश की सुरक्षा में योगदान देने की सामर्थ्य को पूरी क्षमता से आगे लाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular