-अनुपस्थित चल रहे 16 और चिकित्सा शिक्षकों पर भी गिरेगी गाज
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश सरकार की जीरो टालरेंस नीति के तहत विभाग के अन्तर्गत संचालित राजकीय मेडिकल कालेजों में विभिन्न विशिष्टताओं में सहायक आचार्य एवं प्रवक्ता के पदों पर कार्यरत 15 चिकित्सा शिक्षकों की सेवायें समाप्त कर दी गयी हैं। यह सभी चिकित्सा शिक्षक लम्बी अवधि से अनधिकृत रूप से सेवा से अनुपस्थित चल रहे थे।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे ने बुधवार को बताया कि ये 15 चिकित्सा शिक्षक राजकीय मेडिकल कालेज, आगरा, कन्नौज, गोरखपुर, कानपुर एवं जालौन तथा हृदय रोग संस्थान, कानपुर में कार्यरत थे और लम्बे समय से मेडिकल कालेज से गायब थे। उन्होंने बताया कि इन चिकित्सा शिक्षको की सेवाएं समाप्त किये जाने से रिक्त हुए पदों पर नियुक्तियां की जा सकेगी जिससे आमजन को और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मिल सकेगी।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि ऐसे कुल 31 चिकित्सा शिक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही शासन द्वारा प्रचलित है। इनमें से 15 चिकित्सा शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गयी है और अवशेष 16 चिकित्सा शिक्षकों की सेवाएं समाप्त किये जाने की कार्यवाही अन्तिम चरण में है।
