Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: राज्यसभा की दस सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, पहले...

उप्र: राज्यसभा की दस सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, पहले दिन कोई नामांकन नहीं

-27 अक्टूबर को नामांकन की अ​न्तिम तारीख, 09 नवम्बर को होगा मतदान  

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों को लेकर हो रहे चुनाव को लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। वहीं पहले दिन एक भी नामांकन नहीं दाखिल किया गया। इन सीटों के लिए 09 नवम्बर को मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक नामांकन की अन्तिम तारीख 27 अक्टूबर होगी तथा 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 02 नवम्बर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं और 09 नवम्बर को पूर्वाह्न 09 बजे से अपराह्न 04 बजे तक मतदान का समय है। इसी दिन मतगणना की जाएगी। वहीं 11 नवम्बर से पहले  निर्वाचन सम्पन्न करा लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश से भाजपा के नीरज शेखर, अरुण सिंह तथा केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के प्रोफेसर रामगोपाल यादव, डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव व रवि प्रकाश वर्मा, कांग्रेस के पीएल पुनिया व राज बब्बर तथा बहुजन समाज पार्टी के जावेद अली खान व राजा राम का कार्यकाल 25 नवम्बर को समाप्त हो रहा है।
संख्या बल के हिसाब से इन दस में से नौ सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों का राज्यसभा में जाना तय माना जा रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में एक सीट जा सकती है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और उम्मीदवार प्रो. रामगोपाल यादव का ही राज्यसभा उम्मीदवार होना तय है। बताया जा रहा है कि वह कल बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं बहुजन समाज पार्टी व कांग्रेस अपने किसी सदस्य को जीत दिलाने की स्थिति में नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular