Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: राज्यपाल ने 75वें स्वंतत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

उप्र: राज्यपाल ने 75वें स्वंतत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वाधीनता की 75वीं वर्षगांठ पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की है। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव पर देश के उन ज्ञात एवं अज्ञात महान देशभक्तों और वीरांगनाओं को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है, जिन्होंने आजादी की जंग में अपने प्राणों की आहूति दी।

इस अवसर पर शनिवार को जारी अपने बधाई सन्देश में उन्होंने कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग व बलिदान के कारण ही आज देशवासी आजादी की ऊर्जा का अनुभव कर आगे बढ़ रहे हैं और भारत प्रगति के नित नये प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आजादी का महोत्सव देश के महान सपूतों के सपने को पूरा करने का संकल्प है।

कहा कि राष्ट्रीय गौरव की ऐतिहासिक घटनाओं का बार-बार स्मरण राष्ट्रीयता के प्रसार का प्रभावी माध्यम होता है। देश के पुरातन वैभव का ज्ञान युवाओं में आत्मविश्वास और राष्ट्र भक्ति के भाव जगाता है। देशवासियों को अपने गौरवशाली इतिहास पर गर्व करते हुए राष्ट्र की स्वाधीनता, अखण्डता और जनतांत्रिक व्यवस्था को अक्षुण्य बनाये रखने में सहयोग करना चाहिए। देश को आत्मनिर्भर एवं स्वच्छ बनाने तथा पर्यावरण को सुधारने का भी संकल्प लेना चाहिए, जिससे भावी पीढ़ी को स्वच्छ, सशक्त और सुरक्षित भारत विरासत में मिल सके।

पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल होगी राज्यपाल

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कारागारों निरुद्ध 75 महिला बंदियों को रिहा करने के निर्देश जारी किये हैं। इसको लेकर पुनर्वास में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए राज्यपाल जायेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular