Thursday, March 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में 28-29 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों को फिर लगाया जाएगा कोरोना टीका

उप्र में 28-29 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों को फिर लगाया जाएगा कोरोना टीका

-प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में 168 नये मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या घटकर हुई 6,368 

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में कल 28 व 29 जनवरी को एक बार फिर स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से किया जाये। भारत सरकार के गाइडलाइन के क्रम के अनुसार टीकाकरण किया जाये। 
अपर मुख्य सचिव, सूचना नवनीत सहगल ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 168 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 333 मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। संक्रमण का ग्राफ लगातार नीचे आ रहा है और नये मामलों की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6,368 हो गई है। कोरोना के कुल एक्टिव मामलों में से 1,706 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,03,683 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,74,24,012 सैम्पल की जांच की गयी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 5,84,372 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,84,263 क्षेत्रों में 5,09,656 टीम दिवस के माध्यम से 3,13,86,069 घरों के 15,24,74,373 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से चौबीस घंटे में 1,087 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। प्रदेश में सर्विलांस का नया प्रयोग कर प्रत्येक परिवार तक पहुंच कर उनका हालचाल लेते हुए कोविड संक्रमण की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 2.74 करोड़ से अधिक कोविड-19 के टेस्ट तथा 15.24 करोड़ से अधिक व्यक्तियों से सम्पर्क कर कोविड संक्रमण की जानकारी ली गयी है। 
संक्रमण कम होने से तेजी से सामान्य हो रहीं औद्योगिक गतिविधियां श्री सहगल ने बताया कि संक्रमण कम होने से औद्योगिक गतिविधियां तेजी से सामान्य हो रहीं हैं। युवाओं के लिए मिशन रोजगार चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार में उपलब्ध कराने की एक मुहिम चला रही है। सरकारी नौकरियों में नियुक्तियों में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी आयोगों, विभागों, निगमों, परिषदों को कहा गया है कि उनके यहां जितनी रिक्तियां हैं, उनको भरने के लिए समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चार साल में चार लाख सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य पूरा हो रहा है। 
अब तक 7.15 लाख नई एमएसएमई इकाइयों को 24,839 करोड़ के ऋण वितरितउन्होंने बताया कि प्रदेश में सूक्ष्म, लघु, मध्यक्ष व वृहद श्रेणी की 8.18 लाख इकाइयां क्रियाशील हैं, जिनमें 52 लाख श्रमिक कार्य कर रहे है। बैंकों से समन्वय करके प्रदेश में अब तक 7.15 लाख नई एमएसएमई इकाइयों को 24,839 करोड़ रुपये बैंकों द्वारा ऋण वितरित किये गये हैं। प्रदेश में पुरानी इकाइयों को कार्यशील पूंजी की समस्या से निजात दिलाने के लिए बैंकों से समन्वय करके आत्मनिर्भर पैकेज में 4.37 लाख इकाइयों को 11,100 करोड़ रुपये के ऋण बैंकों से समन्वय स्थापित कर स्वीकृत करते हुए वितरित किये गये हैं। इस प्रकार 11.52 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों को बैंकों द्वारा 36,000 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इन एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से लगभग 27 लाख से अधिक लोगां को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं।
चार वर्ष में धान-गेहूं को मिलाकर 60,000 करोड़ रुपये की फसल किसानों से खरीदी श्री सहगल ने बताया कि किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। पिछले चार वर्ष में धान व गेहूं को मिलाकर लगभग 60,000 करोड़ रुपये की फसल किसानों से खरीदी जा चुकी है। जिसका भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जायेगा। इसी क्रम में प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक 628.18 लाख कुन्तल धान किसानों से खरीदा गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग डेढ़ गुना अधिक है। किसानों को धान व मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाया जाये। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा किसान कल्याण मिशन 825 विकास खण्डों में चलाया गया। किसान कल्याण मिशन के माध्यम से किसानों को उपज से लेकर, फसल के विक्रय तक, खेती के लिए उपकरण तथा अनुदान, सिंचाई, बीजों की उपलब्धता आदि विषयों पर चल रही केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया।
Submitted By: Sanjay Singh Fartyal

RELATED ARTICLES

Most Popular