-पिछले चौबीस घंटे में संक्रमण के 379 नए मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या घटकर हुई 8,631
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन से छूटे हुए शेष स्वास्थ्य कर्मियों को 22 जनवरी को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 28 व 29 जनवरी को भी वैक्सीनेशन कराने का निर्णय किया गया है। वहीं वैक्सीन की दूसरी डोज 15 फरवरी को लगाई जायेगी।
झूठी खबरों पर नहीं करें विश्वास, दोनों वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित-असरदारअपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने सोमवार को बताया कि 22 जनवरी के पश्चात प्रत्येक सप्ताह के बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना टीका और टीकाकरण के सम्बन्ध में कुछ लोगों द्वारा झूठी खबर फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस पर आम जनता को बिल्कुल विश्वास करना की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जो दो वैक्सीन लगाए जा रहे हैं, दोनों ही सुरक्षित और असरदार हैं।
पहले दिन देश में सबसे अधिक उप्र में हुआ टीकाकरणउन्होंने बताया कि पहले दिन 16 जनवरी को 22,643 चिकित्सकों-स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई। यह देश में किसी भी प्रांत की तुलना में सबसे अधिक संख्या है। अगला चरण 22 तारीख को होगा।
मुरादाबाद में हृदयाघात और सेप्टिक शॉक से हुई वार्ड ब्वॉय की मौतअपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने मुरादाबाद में कोरोना वायरस की वैक्सीन लगने के बाद हुई वार्ड ब्वॉय की मौत के मामले को लेकर उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एडवर्स इवेंट फॉलोइंग इम्यूनाइजेशन (एईएफआई) की कमेटी द्वारा प्रकरण की जांच में पाया गया कि मृत्यु का कारण हृदयाघात और सेप्टिक शॉक था, जिसका वैक्सीन से कोई सम्बन्ध नहीं था। उन्होंने बताया कि अभी इस महीने में जो तीन दिन टीकाकरण का कार्य किया जाएगा, उसमें स्वास्थ्यकर्मियों को ही वैक्सीन लगाई जाएगी। अभी प्राथमिकता में हेल्थ केयर वर्कर्स हैं। उनके वैक्सीनेशन का कार्य पूरा होने पर द्वितीय प्राथमिकता पर फ्रंटलाइन वर्कर्स के वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
2,948 लोग होम आइसोलेशन में करा रहे इलाजअपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में संक्रमण के 379 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 622 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या अब घटकर 8,631 हो गई है। कुल संक्रमित मरीजों में से 2,948 लोग होम आइसोलेशन में हैं और 823 लोगों का निजी चिकित्सालयों में इलाज चल रहा है। शेष लोग राज्य सरकार के एल-1, एल-2 व एल-3 स्तर के अस्पतालों में भर्ती हैं।
छह महीने बाद मौतों का आंकड़ा न्यूनतम स्तर परप्रदेश में कल विभिन्न प्रयोगशालाओं में 1,10,403 कोरोना नमूनों की जांच की गई। वहीं अब तक कुल 2,63,25,197 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 5,79,693 लोग संक्रमित होने के बाद इलाज से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक कोरोना से कुल 8,580 लोगों की मृत्यु हुई है। बीते चौबीस घंटे में 04 लोगों की मौत हुई है। विगत छह-सात महीनों में यह मौतों की यह न्यूनतम संख्या है।
हेल्पडेस्क से 12 लाख से अधिक लक्षणात्मक लोगों की हुई पहचानउन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कुल 65,568 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जा चुकी है। इनके जरिए अब तक 12,17,880 लक्षणात्मक लोगों की पहचान की जा चुकी है।
