Thursday, February 12, 2026
Homeकानपुरउप्र में सात साल बाद सबसे गर्म रहा दिसम्बर महीना

उप्र में सात साल बाद सबसे गर्म रहा दिसम्बर महीना

कानपुर (हि.स.)। मौसमी दशाओं में आए बदलाव की वजह से सात साल बाद इस बार दिसम्बर माह सबसे गर्म दर्ज किया गया। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान करीब 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले साल 2016 में 24.5 डिग्री रहा था। इस साल 30 दिसम्बर तक एक भी शीत लहर या शीत दिवस दर्ज नहीं हुआ।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन.सुनील पांडेय ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि साल 2017 में भी पूरे माह एक भी दिन शीतलहर या शीत दिवस दर्ज नहीं हुआ था, जबकि बीते सालों में शीत दिवस या शीतलहर में से एक या दोनों दर्ज हुए थे।

इस साल दिसम्बर में पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो छह साल बाद साल 2023 के दिसम्बर में औसत न्यूनतम तापमान करीब 8.47 डिग्री रहा।

इससे पूर्व साल 2017 में औसत न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मौसमी दशाओं में आए बदलाव के कारण दिसम्बर गर्म रहा। उन्होंने बताया कि मौसम में आए इस बदलाव के पीछे कारणों को जानने व जलवायु परिवर्तन का पता लगाने के लिए बड़े स्तर पर अध्ययन की जरूरत है। इसके बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

राम बहादुर/दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular