Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में सात संक्रमितों की हुई पुष्टि, मुख्यमंत्री नए वैरिएंट को रोकने...

उप्र में सात संक्रमितों की हुई पुष्टि, मुख्यमंत्री नए वैरिएंट को रोकने के दिये निर्देश

लखनऊ (हि.स.)। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार सजगता से काम करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टीम-9 के अधिकारियों को प्रदेश के चार जिलों में जिनोम सीक्वेंसिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ के केजीएमयू, पीजीआई, गोरखपुर, झांसी, मेरठ में तेज़ी से जीनोम सीक्वेंसिंग की व्यवस्था की जाए।

कोविड टीके की दोनों खुराक पाने वालों की संख्या सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में है। यहां पांच करोड़ तीन लाख अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 11 करोड़ 23 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। यह संख्या टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी की लगभग 76.20 फीसदी से अधिक है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक 16 करोड़ 27 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। कोविड टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है।

कोविड से बचाव के लिए ट्रेसिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट और टीकाकरण की नीति के सही क्रियान्वयन से प्रदेश में महामारी पूरी तरह नियंत्रित है। बीते 24 घंटों में हुई एक लाख 53 हजार 569 सैम्पल की जांच में कुल सात संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में तीन संक्रमित कोरोना मुक्त भी हुए। आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 92 है। कोविड पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए सावधानी और सतर्कता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के अनेक देशों में नए वैरिएंट के संक्रमित मिलने की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे में हमें बहुत सतर्कता-सावधानी की जरूरत है। सभी जगहों पर मास्क को अनिवार्य कराएं।

नगर विकास और ग्राम्य विकास विभाग प्रदेश में स्वच्छता और सेनेटाइजेशन की कार्रवाई को तेज करें। प्रदेश में निगरानी समितियों को सक्रिय करें। ताकि कोविड से संक्रमित व्यक्तियों की समय से पहचान हो जाए और उनका समय पर इलाज हो सके।

प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना अभियान स्वरूप में की जा रही है। इस तरह अब तक विभिन्न जिलों में कुल 525 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील किये जा चुके हैं। बाकी प्लान्ट की स्थापना का कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular