औरैया (हि.स.)। भाजपा की विचार धारा शमशान घाट बनाने की है, ऐसी विचार धारा वाले लोग उत्तर प्रदेश को आगे नहीं बढ़ने देगें। मनूहुसियत फैलाने वाली विचार धारा को आगामी विधान सभा चुनाव में जनता श्मशान में श्रद्धांजलि देकर आगे बढ़ने का काम करेगीं। यह बातें बुधवार को आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि तीसरी लहर के नाम पर मेडिकल उपकरणों में घोटाला किया जा रहा है। जिस पर उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि अगर यह मुकदमा नहीं लिखा गया, तो वह कोर्ट के द्वारा मुकदमा दर्ज कराएंगे।
कहा कि, आप पार्टी आगामी विधान सभा चुनाव में दिल्ली मॉडल पर चुनाव लड़ेगी, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार पर विशेष फोकस होगा। आप पार्टी से यूपी के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आप पार्टी को मजबूती देने के लिये सदस्यता अभियान की कमान संभाल रखी है। उन्होंने बताया कि यूपी जोड़ो अभियान और यूपी में केजरीवाल अभियान के तहत एक माह में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।यह अभियान विधान सभा और ब्लॉक स्तर पर चलाया जा रहा है।
