Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ने से जहरीली हो रही हवा, चिंता...

उप्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ने से जहरीली हो रही हवा, चिंता का विषय

लखनऊ (हि.स.)। उप्र में ठंड में भी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई (क्वालिटी इंडेक्स) में कमी नहीं आ रही है। सोमवार सुबह चार बजे राजधानी लखनऊ का एक्यूआई 373 था। लंबे समय से शहर का एक्यूआई खराब स्थिति में है। जिससे सांस लेने में दिक्कत होने लगी है।

शहर में धूल और धुएं के मिश्रण से हवा जहरीली हो गई है। इसको लेकर 30 नवंबर को राज्य मानवाधिकार आयोग (एसएचआरसी) ने भी चिंता जताई थी। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ है। ठंड के दिनों भी वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई में कमी न आना चिंता का विषय बनता जा रहा है। यह लोगों के लिए काफी घातक है।

इन जिलों का एक्यूआई

सोमवार सुबह लखनऊ 10 बजे एक्यूआई 373 दर्ज गया है। इसके अलावा मेरठ 391, आगरा 268, कानपुर 227, मुजफ्फरपुर 309, बुलंदशहर 270, हापुड़ में 254 एक्यूआई दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा स्थिति नोएडा की है। यहां पर एक्यूआई 439 दर्ज किया गया है। इसके बाद गाजियाबाद के लोनी का 383 और फिर लखनऊ का एक्यूआई 373 दर्ज किया गया। प्रदेश में प्रयागराज 131, वाराणसी 132 और बरेली 186 दर्ज किया गया है। जिससे इन तीनों जिलों की स्थिति अन्य जनपदों से बेहतर बनी हुई है।

कितना होना चाहिए एक्यूआई

0 से 50 एक्यूआई है, तो यह बहुत अच्छी बात है। इससे सेहत पर कम असर होता है। 51-100 एक्यूआई भी ठीक है, लेकिन संवेदनशील लोगों को सांस की हल्की दिक्कत हो सकती है। 101 के बाद ठीक नहीं है। 200 एक्यूआई से फेफड़ा, दिल और अस्थमा मरीजों को सांस में दिक्कत होती है। 201-300 एक्यूआई काफी खराब है। 301-400 एक्यूआई बहुत खराब है। लंबे समय तक ऐसे वातावरण में रहने पर सांस की बीमारी का खतरा होता है। 401-500 एक्यूआई सबसे अधिक खतरनाक है। यह इंसान की सेहत पर सबसे अधिक खराब होती है।

जानें क्यों बढ़ रहा है एक्यूआई

लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में विकास कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें सीवर, टूटी सड़क, ओवरब्रिज निर्माण, मेट्रो, स्मार्ट सिटी के तहत लिए कई बड़ी परियोजनाओं को लेकर खुदाई चल रही है। जिससे सुबह से रात तक शहरों की सड़कों से धूल उड़ती रहती है। शहरों में धूल और धुएं के मिश्रण से सांस लेना मुश्किल हो गया है। इसलिए शहर का एक्यूआई बढ़ रहा है।

प्रदूषण विभाग के मुताबिक ठंड की शुरूआत के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई में कमी दर्ज की जा रही थी। लेकिन अचानक कई शहरों में एक्यूआई का बढ़ाना चिंता का विषय है। इसके सुधार को लेकर बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं।

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular