Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में लोकसभा क्षेत्र स्तर पर 80 रैलियां करेगी भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी...

उप्र में लोकसभा क्षेत्र स्तर पर 80 रैलियां करेगी भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी का भी मांगा समय

– लोस चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, उप्र में रैलियों के लिए मोदी के बाद गडकरी की सर्वाधिक मांग

लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में पूर्णरूप से जुट गयी है। भाजपा प्रदेश के सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों में रैली करेगी। महासंपर्क अभियान के तहत जून महीने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उत्तर प्रदेश में जनसभा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव जैस बड़े नेताओं के कार्यक्रम की पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने मांग की है। वैसे उत्तर प्रदेश के अधिकांश संसदीय क्षेत्रों में जनसभाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी के बाद सर्वाधिक मांग नितिन गडकरी की है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने बताया कि पार्टी ने हर लोकसभा स्तर पर सात, विधानसभा स्तर पर चार और बूथ स्तर पर तीन कार्यक्रमों की योजना बनाई है। लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी कार्यक्रमों में सांसद एवं विधायकों की सहभागिता रहेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निवास करने वाले पूर्व दायित्व वाले पदाधिकारी, कार्यकर्ता के साथ टिफिन बैठक करेगी। इस अवसर केंद्र सरकार के 09 वर्ष की उपलब्धियों पर चर्चा होगी। लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में सातों मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजयुमो, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।

सांसद योग दिवस का होगा आयोजन

योग दिवस पर 21 जून को प्रदेश के सभी 27,634 शक्ति केंद्रों पर योग दिवस का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके अलावा लोकसभा स्तर पर सभी सांसद अपने-अपने यहां योग दिवस का एक बड़ा कार्यक्रम करेंगे। इसी तरह सभी विधायक अपनी-अपनी विधानसभाओं में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

लोकसभा स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन

प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने बताया कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 1000 विशिष्ट परिवारों जैसें- पद्म अवार्डी, खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, चिकित्सक, पूर्व न्यायधीश, शहीद परिवार के सदस्य एवं अन्य प्रसिद्ध परिवारों से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा लोकसभा क्षेत्र के उद्योगपति एवं व्यापारियों का सम्मेलन किया जाएगा। लोकसभा में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों के साथ संवाद किया जाएगा।

बृजनन्दन/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular