Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उप्र में लगातार चार बार हार चुकी सपा का पांचवीं बार भी...

 उप्र में लगातार चार बार हार चुकी सपा का पांचवीं बार भी टूटेगा जीत का सपना : भूपेन्द्र चौधरी

– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, गठबंधन का निर्णय केन्द्रीय नेतृत्व का

– वर्ष 2014, 2017, 2019 व 2022 की तरह 2024 में भी भाजपा की होगी जीत

– ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ के साथ संगठन बढ़ रहा आगे

आजमगढ़(हि.स.)। लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लगातार बैठक कर कार्यकर्ताओं को जहां एक तरफ लोकसभा चुनाव में जुटने की अपील कर रहे हैं तो दूसरी तरफ एक-एक सीट का आंकलन भी कर रहे हैं। इसी को लेकर आजमगढ़ जिले में मंगलवार कोे काशी व गोरखपुर क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में भाग लेने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी पहुंचे।

उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 व 2022 की तर्ज पर भाजपा वर्ष 2024 का चुनाव जीतेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) लगातार चार चुनाव हार चुकी है। इस बार भी उसे निराशा हाथ लगेगी।

नगर के मध्य में स्थित एक होटल सभागार में काशी व गोरखपुर क्षेत्र के संगठन व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि पार्टी संगठन के माध्यम से आम जनता के बीच योजनाओं को लेकर पहुंचते हैं। इसी को लेकर आजमगढ़ में अल्पकालीन विस्तारकों की बैठक हो रही है। जो सरकार की योजनाओं को आगे ले जाएंगे। अभी कुछ दिन पहले ही भोपाल में प्रधानमंत्री ने अपना बूथ सबसे मजबूत नारा दिया था। इसी को लेकर सभी संगठन के लोग आगे चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी चुनाव जितेगी। वर्ष 2014 के चुनाव में प्रदेश में लोकसभा की 73 सीटें जीते थे, 2019 में 80 फीसदी सीट जीते थे। 2017 और 2022 में पिछले 50 वर्षों के इतिहास में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट रहा। बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी का कमिटमेंट है और उसी के आधार पर वह आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार चार चुनाव हार चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने 400 सीटें जीतने का दावा किया लेकिन परिणाम क्या रहा सभी जानते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी वर्ष 2012 से 2017 तक की सरकार अराजकता की भेंट चढ़ गई थी। गुंडा-माफिया हावी थे। पिछले छह सालों से अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश न्यूनतम स्तर पर है। अपराध शून्य होता देख प्रदेश में भारी संख्या में निवेशक यहां निवेश करने के लिए लालायित हैं। सरकार यहां के लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार अपने प्रदेश में ही दिलाने के लिए प्रयास कर रही है।

बिजली को लेकर मचे हाहाकार पर समाजवादी पार्टी के आरोप पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 24 घंटे जिला मुख्यालय, 20 घंटे तहसील मुख्यालय और 18 घंटे गांव में बिजली देने का निर्देश दिया गया है। पहले की सरकार में केवल चार जिलों में बिजली पहुंचती थी। जिसमें रामपुर, इटावा, अमेठी और रायबरेली शामिल था। प्रदेश की योगी सरकार सभी जिलों को बराबर से बिजली दे रही है, चाहे वह गोरखपुर, बनारस, आजमगढ़ हो।

आरएलडी व सुभासपा से गठबंधन के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि गठबंधन का निर्णय केन्द्रीय नेतृत्व करता है कि कौन एनडीए का हिस्सा होगा लेकिन हमारा मानना है कि जो हमारे विचारों से सहमत हैं, जो नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहता है हम सबका स्वागत करते हैं।

राजीव/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular