Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में और अधिक प्रगति लाई जाए...

उप्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में और अधिक प्रगति लाई जाए : नितिन गडकरी

-केंद्रीय मंत्री ने की एनएच व एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा  

लखनऊ।  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण किया जाए।  श्री गडकरी आज नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन मुख्यालय में उत्तर प्रदेश में  एनएच व एनएचएआई द्वारा राष्ट्रीय राज मार्गो के चल रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा बैठक में उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।  उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ग्रामीण मार्गों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल बिछाया जा रहा है और कई  राजमार्गों, बडे़ पुलों, रिंग रोड पर कार्य चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मार्गो के निर्माण हेतु प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आवागमन की बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है ।
समीक्षा बैठक में राम वन गमन मार्ग, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग, जौनपुर- मिर्जापुर रोड, प्रयागराज रिंग रोड, वाराणसी-अयोध्या रोड ,मेरठ रिंग रोड, एन एच 227-ए, कानपुर रिंग रोड, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे, फाफामऊ छह लेन पुल, जगदीशपुर-अयोध्या रिंग रोड आदि के बारे में विस्तार से बिंदुवार चर्चा की गई और सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया।
 बैठक में राज्यमंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार, जनरल वीके सिंह, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग उप्र नितिन रमेश गोकर्ण के अलावा एनएच व एनएचएआई के अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular