– लाभार्थियों को दिया जा रहा हर महीने पांच किलो मुफ्त राशन
लखनऊ (हि.स.)। योगी सरकार कोरोना काल में गरीब और बेसहारा लोगों का बड़ा संबल बनी है। सरकार ने महज आठ दिनों में राशन वितरण में रिकार्ड बना दिया है। सरकार की ओर से 80 हजार कोटेदारों के माध्यम से राशन वितरण में 90.76 प्रतिशत कुल 13 करोड़ 43 लाख 56 हजार 13 लाभार्थियों को मुफ्त राशन का वितरण किया जा चुका है। मंगलवार को यह दावा राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने किया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में 90.61 प्रतिशत मुफ्त राशन बांटा गया है। वहीं, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तहत मई व जून के महीने में 96 प्रतिशत से अधिक करीब 1414906.605 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं, 14.80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को पीएमजीकेएवाई योजना के तहत नवम्बर तक मुफ्त राशन दिया जाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से भी लाभार्थियों को तीन महीने तक राशन दिया जाएगा। प्रदेश में 3.59 करोड़ राशन कार्डों पर 14.80 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन वितरित किया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि 1 करोड़ 21 लाख 91 हजार 646 अन्त्योदय कार्ड धारकों व पात्र गृहस्थी के 12 करोड़ 21 लाख 64 हजार 367 लाभार्थियों को राशन वितरित किया जा चुका है। कहा कि आंगनबाड़ी सदस्यों की मदद से लाभार्थियों को घर-घर राशन पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से 28 जून तक 80 हजार से अधिक कोटेदारों को 817014.750 मीट्रिक टन राशन एलॉट किया गया था। इसमें 741053.135 मीट्रिक राशन वितरित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अन्त्योदय राशन कार्ड लाभार्थियों को उचित दर 11102.637 मीट्रिक टन उचित दर पर चीनी उपलब्ध कराई गई है। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 11 करोड़ 01 लाख 112 लाभार्थियों को मुफ्त राशन दिया जा चुका है। वहीं, शहरी क्षेत्र में 2 करोड़ 42 लाख 55 हजार 901 लाभार्थियों को मुफ्त राशन दिया जा चुका है।
