Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में मिले कोरोना के 165 नए मरीज, पॉजिटिविटी दर 0.06 फीसद...

उप्र में मिले कोरोना के 165 नए मरीज, पॉजिटिविटी दर 0.06 फीसद हुई

लखनऊ (हि.स.)।  उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 165 नए मरीज मिले हैं। वहीं 292 मरीजों का सफल उपचार करके उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 0.06 फीसद दर्ज हुई है। यह जानकारी बुधवार को टीम-09 ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी। 

कोविड की संभावित तीसरी लहर और नए वैरिएंट डेल्टा प्लस को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति नियंत्रण में है लेकिन ‘डेल्टा प्लस’ वैरिएंट पहले की अपेक्षा अधिक खतरनाक है। हमें विशेष सतर्कता बरतनी होगी। विशेषज्ञों के परामर्श के अनुरूप बिना देर किए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को त्वरित और गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा संकल्पित भाव के साथ प्रयास किये जा रहे हैं। विकास खंड स्तर पर उप स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या और बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में 5 हजार नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया आरम्‍भ की जाएगी।
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों की सीएचसी और पीएचसी में उपकरणों की मरम्मत, क्रियाशीलता, परिसर की रंगाई-पुताई, स्वच्छता और मैन पावर की पर्याप्त उपलब्धता आदि के संबंध में जारी विशेष कार्यवाही और तेज की जाए। इसकी सतत मॉनिटरिंग हो। उन्होंने कहा कि निराश्रित महिला पेंशन के लिए अर्ह महिलाओं को पेंशन वितरण के लिए ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। राजस्व विभाग द्वारा ऐसी महिलाओं को प्राथमिकता के साथ नियमानुसार पारिवारिक उत्तराधिकार लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओल्ड एज होम में निवासरत वृद्धजनों की जरूरतों एवं समस्याओं का त्वरित संज्ञान लिया जाए। इनके पारिवारिक विवादों का समाधान कराया जाए। 
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बाढ़ एवं वर्षा के प्रति सभी को सचेत रहने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी नदियों के जलस्तर की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा है। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीमों को 24×7 एक्टिव मोड में रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। 
टीम-09 की सदस्य अपर मुख्य सचिव, राजस्व एवं बेसिक शिक्षा, रेणुका कुमार की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति होने पर नए दायित्व के लिए मुख्यमंत्री योगी ने शुभकामनाएं दी हैं। 
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में संक्रमण के ​सक्रिय केसों की संख्या 2,796 है। पिछले 24 घंटों में कुल 02 लाख 57 हजार 818 कोरोना टेस्ट किए गए हैं। अब तक 05 करोड़ 78 लाख 44 हजार 27 टेस्ट हो चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.5प्रतिशत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular