Saturday, March 28, 2026
Homeकानपुर उप्र में बिपरजॉय तूफान का दिखा असर, हल्की बारिश से गिरा पारा

 उप्र में बिपरजॉय तूफान का दिखा असर, हल्की बारिश से गिरा पारा

– आसमान में छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना

कानपुर (हि.स.)। मानसून भले ही अभी न आया हो, लेकिन बिपरजॉय चक्रवाती तूफान का असर उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है। तूफान की सक्रियता से तेज हवाएं चल रही हैं और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश भी हुई। इससे तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया और लोगों को भीषण गर्मी के साथ लू से काफी हद तक राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के आने से पहले आगामी पांच दिनों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि जून के पहले 15 दिन भारत में सूखे जैसे हालात रहे तथा मानसून कमजोर बना रहा। समुद्री तूफान बिपरजॉय गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश दी। अब तूफान कमजोर होकर डिप्रेशन के रूप में उसके बाद निम्न दबाव के रूप में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर पहुंच रहा है। इससे कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही धूल भरी आंधी भी चलती रही। यही नहीं तापमान भी गिर गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकी।

प्री मानसून की गतिविधियां अभी जून के अंत तक बिपरजॉय तूफान के चलते बनी रहेंगी। इसके बाद मानसून सक्रिय होगा जो अभी बिहार के भागलपुर के आसपास बना हुआ है।

बताया कि अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 70 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 9.3 किमी प्रति घंटा रही और बारिश 1.8 मिमी हुई। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण 20 से 25 जून तक तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

अजय/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular