Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में प्लास्टिक की रोकथाम को 25 सितम्बर से दो अक्टूबर तक...

उप्र में प्लास्टिक की रोकथाम को 25 सितम्बर से दो अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

-मुख्य सचिव ने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधों को कड़ाई से लागू करने के दिए निर्देश

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम के लिए 25 सितम्बर से लेकर दो अक्टूबर तक गांवों से लेकर शहरों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने इस संबंध में मंगलवार को एक बैठक की और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम के लिए 25 सितम्बर से दो अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाए। इस अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों के साथ ही आम जनमानस को सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया जाए। अभियान के दौरान प्लास्टिक को बरामद करने तथा बेहतर काम करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत किया जाये। इसके अलावा जिन फैक्ट्रियों में बैन प्लास्टिक का उत्पादन किया जा रहा है, उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।

उन्होंने कहा कि प्रदूषण में सिंगल यूज प्लास्टिक की बहुत बड़ी भूमिका हैं। इसकी रोकथाम के लिए सिर्फ सिंगल यूज प्लास्टिक ही नहीं, बल्कि हर प्रकार के प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करने के लिए और आमजन में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि 90 के दशक में प्लास्टिक का कहीं भी प्रयोग नहीं होता था। उस समय लोग कपड़े, जूट के थैले लेकर चलते थे और खाने में मिट्टी व मेटल के बर्तन या पत्तल का प्रयोग करते थे। धरती को बचाने के लिए हमें वापस उसी पुरानी व्यवस्था में चलना होगा।

बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त अरविंद कुमार, अपर मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण मनोज सिंह, निदेशक पंचायती राज अनुज कुमार झा, निदेशक स्थानीय निकाय सुश्री नेहा शर्मा समेत सम्बन्धित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular