-आरोप, निकाय चुनाव के दरम्यान टैक्स फ्री घोषित किया जाना आचार संहिता का उल्लंघन
वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश में ‘द केरल स्टोरी’ को टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सिनेमा को टैक्स फ्री करने का निर्देश जारी कर दिया है। सरकार के इस निर्णय पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है।
मंगलवार को पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष प्रयागराज जोन और पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने निकाय चुनाव के दरम्यान फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का राजनीतिक मुद्दे के रूप में इस्तेमाल करने के लिए ‘टैक्स फ्री’ घोषित किया है। यह सीधा-सीधा चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। पूर्व मंत्री ने इस मामले को चुनाव आयोग से संज्ञान लेने को कहा है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि चुनावी भाषणों में भाजपा नेताओं ने साम्प्रदायिक एजेंडे के रुप में इसे भरपूर इस्तेमाल किया है। इसके बाद चल रही चुनाव प्रक्रिया के बीच मतदान से पूर्व उसे उत्तर प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया, जबकि शहरी निकाय चुनाव प्रक्रिया से गुजर रहा उत्तर प्रदेश भी चुनाव आचार संहिता से आच्छादित है, जिसके बीच ऐसी घोषणा का मकसद प्रदेश के शेष बचे निकाय चुनाव और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ के लिये साम्प्रदायिक संदेश की कार्रवाई है।
श्रीधर/राजेश तिवारी
