-आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में अल्पसंख्यक मोर्चा महत्पूर्ण भूमिका का करेगा निर्वहन
-केन्द्र व यूपी में बिना भेदभाव के विकास व खुशहाली के लिए काम करने वाली सरकार
सुलतानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) डॉ. इफ्तेखार अहमद जावेद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में अल्पसंख्यक मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगा। उन्होंने मोदी व योगी सरकार को सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करने वाली सरकार बताया। कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगा, दबंगई और दलाली से मुक्त किया है ।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अजादार हुसैन व महामंत्री दाबर खां के नेतृत्व में डॉ. इफ्तेखार अहमद जावेद का उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद का अध्यक्ष (राज्य मंत्री) बनने के बाद प्रथम जनपद आगमन पर अमहट चौराहे पर फूल-मालाओं से स्वागत किया।
इफ्तेखार अहमद जावेद ने योगी सरकार में कानून-व्यवस्था की भी तारीफ की, कहा योगी सरकार में गुंडे और माफियाओं पर लगाम लगी है। उन्होंने कहा मोदी-योगी सरकार बिना भेदभाव किये हर तबके के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया एक करोड़ तीस लाख लोगों को मकान दिया गया, जिनमें 31 प्रतिशत अल्पसंख्यक हैं। एक करोड़ सैतालिस लाख लोगों को उज्ज्वला योजना लाभ मिला, जिनमें 37 प्रतिशत अल्पसंख्यक हैं। उन्होंने मोर्चा पदाधिकारियों से कहा कि अल्पसंख्यकों को ज़्यादा से ज़्यादा तादात में शामिल करने का कार्य करें ताकि यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बन सके।
भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि स्वागत करने वालों में अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अज़ादार हुसैन, जिला महामंत्री दावर खान, अब्बास, मंडल अध्यक्ष इश्तियाक, मंडल अध्यक्ष सजर अब्बास, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद कलीम खान व आले नबी, कोषाध्यक्ष अतीक बाबा, जिला मंत्री मोहम्मद अशफाक व मोहम्मद शिबू सहित जिला के मंडल के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
