Sunday, December 14, 2025
Homeकानपुरउप्र में तेज पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन, बारिश की संभावना

उप्र में तेज पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन, बारिश की संभावना

कानपुर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से शनिवार को मौसम में बदलाव देखा गया और तेज धूप भी निकली, लेकिन तेज हवाओं से गलन बरकरार रही। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों तक स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी जिससे तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभ मंडल में एक निम्न दवा की रेखा के रूप में देखा जा सकता है। पूर्वी असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान पर है और राजस्थान के कुछ हिस्सों से जुड़ रहा है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ आज से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही 4-6 फरवरी के बीच स्थानीय स्तर पर गरज चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 85 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 31 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.3 किमी प्रति घंटा रही।

अजय/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular