Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उप्र में जंगलराज कायम, अपराधियों ने जेब में रख ली है कानून...

 उप्र में जंगलराज कायम, अपराधियों ने जेब में रख ली है कानून व्यवस्था : अजय राय

लखनऊ (हि.स.)। जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गोलियों से भून दिया गया। बाइक सवार बदमाशों ने बैंक के गार्ड को गोली मारकर हत्या कर दी। वहां सरकार कह रही है कि प्रदेश में अमन-चैन है। यह सरकार सिर्फ झूठे प्रचार के आधार पर चल रही है। चारों तरफ अराजकता है। इस बात को प्रदेश की जनता भी समझ चुकी है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कही।

अजय राय ने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह से जंगलराज कायम है। अपराधी कानून व्यवस्था को अपनी जेब में रखकर घूम रहे हैं। प्रदेश की योगी सरकार में अपराध अपने चरमोत्कर्ष पर है। पूरे प्रदेश में भय का माहौल है और सरकार अपराध रोक पाने में पूरी तरह से विफल है, कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं है। यहां के मंत्री सिर्फ नौकरी कर रहे हैं। इनको जनता से कोई मतलब नहीं है। इनकी तो खुद अधिकारी भी नहीं सुनते हैं।

अजय राय ने कहा कि भाजपा के कई मंत्री तो खुद अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा अराजकता को कैसे रोक सकती है। यहां सिर्फ मीडिया मैनेजमेंट का काम चल रहा है। जनता सरकार और अधिकारियों से त्रस्त हो चुकी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

उपेन्द्र/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular