Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में घर बैठे ऑनलाइन लर्निंग डीएल बनवाने की नई व्यवस्था लागू

उप्र में घर बैठे ऑनलाइन लर्निंग डीएल बनवाने की नई व्यवस्था लागू

लखनऊ (हि.स.)। परिवहन विभाग ने गुरुवार से राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में घर बैठे ऑनलाइन लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने की नई व्यवस्था लागू कर दी। आवेदक अब सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करके घर बैठे लर्निंग डीएल बनवा सकते हैं। नई व्यवस्था के लागू होने से आवेदकों को आरटीओ और एआरटीओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने बाराबंकी में ऑनलाइन लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अब लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में नई व्यवस्था को लागू कर दिया है। अब आवेदक सारथी पोर्टल पर अपने आधार को लिंक कराकर लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए ऑनलाइन फीस भरनी पड़ेगी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होते ही आवेदक के मोबाइल पर ऑनलाइन टेस्ट की तारीख के लिए टाइम स्लॉट और ओटीपी आ जाएगा। टेस्ट के दौरान आवेदक की फोटो के लाइव मिलान में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए नवीनतम फोटो ही फॉर्म पर अपलोड करने की सलाह दी गई है।

लखनऊ के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अखिलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदक को ऑनलाइन टेस्ट में ट्रैफिक सिस्टम से संबंधित 15 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से कम से कम 09 सवालों के सही जवाब देने वाले आवेदक ही पास होंगे। टेस्ट के तत्काल बाद इसका मेसेज आ जाएगा। इसके बाद पास आवेदक लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल सकेंगे।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular