Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में कोरोना के अब 570 एक्टिव मामले, 24 घंटे में आये...

उप्र में कोरोना के अब 570 एक्टिव मामले, 24 घंटे में आये 23 नये केस

-एक दिन में कुल 2,15,474 सैम्पल की हुई जांच

-प्रदेश में अब तक वैक्सीन की कुल 5.36 करोड़ डोजें लगायी गयी

-टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरुरी : अपर मुख्य सचिव

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब बिल्कुल धीमी हो चुकी है। पिछले 24 घंटे के अंदर प्रदेश में मात्र 23 नये मामले दर्ज हुए हैं। प्रदेश में इस समय कोरोना के कुल एक्टिव मामले केवल 570 हैं। संक्रमण की गति धीमी होने के बावजूद प्रदेश में कोरोना की जांच तेजी से जारी है। एक दिन में कुल 2,15,474 सैम्पल की जांच की गई है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने सोमवार को बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 6,76,91,677 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 23 नये मामले आये हैं। प्रदेश में विगत 24 घंटे में 43 लोग तथा अब तक कुल 16,85,449 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल 570 एक्टिव मामले हैं तथा 352 लोग होम आइसोलेशन में है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक सर्विलांस टीम के माध्यम से 3,58,68,702 घरों के 17,24,22,036 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।

सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित व भिखारियों का भी होगा टीकाकरण

श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक कोरोना वैक्सीन की कुल 5,36,08,694 डोजें लगायी गयी हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार से टीकाकरण के सम्बंध में नये निर्देश प्राप्त हुये हैं जिसमें सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित, भिखारियों इत्यादि का टीकाकरण का कार्य प्राथमिकता पर कराया जायेगा। समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया जा रहा है कि उनके कार्यालय में वर्क प्लेस पर वैक्सीनेशन केन्द्र स्थापित करते हुए इनका टीकाकरण कराया जाए।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि दूसरी डोज पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। विभागों एवं कोविड कंट्रोल रूम से ऐसे लोग जिन्हें पहली डोज दी जा चुकी है, उन्हें दूसरी डोज के लिए सूचना भेजी जायेगी। उन्होंने कहा कि विदेशों के रहने वाले ऐसे व्यक्ति जो प्रदेश में वैलिड डोक्यूमेंट के साथ रह रहे हैं उनके पासपोर्ट के आधार पर उनका भी टीकाकरण कराया जायेगा।

शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में भी स्थापित होंगे वैक्सीनेशन केन्द्र

उन्होंने बताया कि स्कूल एवं कॉलेज में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर, कर्मचारियों तथा स्कूल बसों के स्टाफ का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराया जायेगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में वैक्सीनेशन केन्द्र स्थापित करते हुए टीकाकरण का कार्य कराया जायेगा। कहा कि टीकाकरण के लिए दोनों डोज आवश्यक है। टीकाकरण के बाद यदि संक्रमण होता भी है तो किसी प्रकार की जटिलता नहीं आती है।

श्री प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोग कोविड अनुरूप आचरण का पालन करे। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन 18001805145 पर सम्पर्क करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular