Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में कांग्रेस बनाएगी चार कार्यकारी अध्यक्ष

उप्र में कांग्रेस बनाएगी चार कार्यकारी अध्यक्ष

-कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में की घोषणा

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन को फिर से उर्बरा बनाने की फिराक में लगी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया है। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को यहां इसकी घोषणा की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर दो दिन से मैराथन बैठक कर रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज कहा कि पार्टी ने उप्र में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए चार वर्किंग प्रेसीडेंट (कार्यकारी अध्यक्ष) नियुक्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इनके नामों की घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी।

प्रियंका गांधी ने बताया कि चारों कार्यकारी अध्यक्ष अलग-अलग जातियों से होंगे। हालांकि इनका कद प्रदेश अध्यक्ष के बराबर ही होगा लेकिन ये चारों कार्यकारी अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष से समन्वय बनाकर पार्टी के लिए काम करेंगे। इस घोषणा के बाद माना जा रहा है कांग्रेस सभी जातियों को साधने के अभियान में लग गई है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उप्र विधानसभा चुनाव को लेकर पिछले दिन से मैराथन बैठकें कर रही हैं। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर शनिवार को भी उन्होंने दिन भर बैठकों का दौर जारी रखा। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव, पार्टी संगठन निर्माण और पार्टी के अभियानों पर गहन चर्चा की। रविवार को वह रायबरेली में रहेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular