Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में अब राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख कोरोना संक्रमित, होम आइसोलेट

उप्र में अब राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख कोरोना संक्रमित, होम आइसोलेट

लखनऊ। योगी सरकार के एक के बाद एक कई मंत्री कोरोना की चपेट में आते जा रहे हैं। अब जल शक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद उन्होंने स्वयं को होम आइसोलेट कर लिया है।

राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख की एंटीजन जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने शुक्रवार को राजधानी में अपनी जांच कराई। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्होंने ट्वीट किया कोविड-19 के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिकित्सकों की सलाह से मैंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है। राज्य मंत्री ने अपील की कि जो भी लोग गत कुछ दिनों में उनके सम्पर्क में आएं हैं, कृपया अपनी जांच करवा लें।
राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के मुताबिक इससे पहले भी तीन बार वह अपनी जांच करा चुके हैं, जिसमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। इस बार एंटीजन टेस्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। फिलहाल वह लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने आरटीपीसीआर जांच के लिए भी नमूना भेजा है, जिसकी रिपोर्ट बाद में आएगी। 
इससे पहले गुरुवार को प्रयागराज से भाजपा सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी कोरोना संक्रमित पायी गई थीं। उन्हें राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश में एक के बाद एक कई नेता संक्रमित होते जा रहे हैं। मंगलवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश और भाजपा विधायक पंकज सिंह भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि सोमवार को अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज राज्य मंत्री मोहसिन रजा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
इससे पहले औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना  कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल, पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी और मोहनलालगंज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद कौशल किशोर भी कोरोना की चपेट में आए हैं।
इसके अलावा प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी और श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।
वहीं कोरोना संक्रमित सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular