Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में अब राज्य मंत्री उदयभान सिंह कोरोना संक्रमित

उप्र में अब राज्य मंत्री उदयभान सिंह कोरोना संक्रमित

लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण के बीच माननीय लगातार इसकी चपेट में आते जा रहे हैं। अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, निर्यात प्रोत्साहन, कपड़ा और हैंडलूम, रेशम उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री उदयभान सिंह में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। 

उन्हें राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया है। राज्यमंत्री उदयभान सिंह ने खुद ट्वीट कर कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। इसमें उन्होंने कहा कि आज कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार एसजीपीजीआई में भर्ती हो गया हूं। उन्होंने पिछले दिनों अपने सम्पर्क आए लोगों से सावधानी बरतने, अपनी जांच कराने एवं स्वास्थ्य विभाग के नियमों का पालन करने का निवेदन किया है। 
इनसे पहले मंगलवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग भी कोरोना की पुष्टि हुई है। अतुल गर्ग ने 15 अगस्त को आरटीपीसीआर लैब का उद्घाटन करते समय अपने सैंपल की जांच कराई थी। उस समय उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने अपने सम्पर्क में आने वालों से भी जांच कराने की अपील की।
इससे पहले प्रदेश सरकार के कई अन्य मंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी शामिल हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के बाद प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमलरानी वरुण का दो अगस्त को और फिर 16 अगस्त को सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा मंत्री चेतन चौहान गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की रिपोर्ट भी पिछले दिनों पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा के विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन, आईपीएस अफसर नवनीत सिकेरा समेत कई अफसर भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular