-बीते चौबीस घंटे में 105 नये मरीज मिले, 217 हुए स्वस्थ, एक भी मौत नहीं
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना टीकाकरण का कार्य जारी है। राज्य के सभी जनपदों में 18 फरवरी को भी फ्रंटलाइन कर्मियों को वैक्सीन की डोज लगायी जायेगी।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि मार्च, 2021 से 50 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को वैक्सीन लगाने का कार्य प्रारम्भ किया जायेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें। वहीं प्रदेश में 10 फरवरी से 24 फरवरी तक का फोकस टेस्टिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कई समूहों की टेस्टिंग की जा रही है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि वहीं प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 105 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 217 लोग स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। इस तरह नए मरीजों की तुलना में दोगुना से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। चौबीस घंटे में कोई मृत्यु दर्ज नहीं की गई है।
संक्रमण लगातर कम होने के कारण सक्रिय मामलों की संख्या 2,853 हो गई। प्रदेश में कोरोना से रिकवरी 98 प्रतिशत से अधिक है। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,20,346 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं अब तक कुल 2,97,93,515 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि कोरोना के एक्टिव मामलों में से 689 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सालयों में 255 लोग इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 217 तथा अब तक 5,90,787 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से चौबीस घंटे में 4,392 लोग तथा अब तक कुल 5,18,165 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,247 क्षेत्रों में 5,11,358 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,61,251 घरों के 15,27,83,172 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।
