– जनपद वाराणसी में काजू लदा ट्रक लूटने और चालक की हत्या करने का है आरोपित
भदोही (हि.स.)। पुलिस ने 35 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह जनपद वाराणसी में काजू लदे ट्रक को लूटने और चालक की हत्या के आरोप में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार शनिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि एक जनवरी की रात्रि में वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डाफी टोल प्लाजा के पास काजू लदी ट्रक के चालक ओम प्रकाश उर्फ सन्तोष निवासी वाराणसी को बदमाशों ने हत्या कर काजू लदी ट्रक को लूट लिया था। इस हत्याकांड में पवन कुमार गौड़, राजेश विन्द उर्फ खेतई, धर्मेन्द्र कुमार विन्द उर्फ धोनी पुत्र हिंछलाल बिन्द सभी छनौरा थाना दुर्गागंज निवासी ट्रक लूट और चालक की हत्या में शामिल थे।
पुलिस इन बदमाशों की तलाश कर रही थी। देर रात सूचना पर पुलिस ने मास्टर माइंड पवन गौड़ को सुरियावां नगर के पावर हाऊस के पास से गिरफ्तार किया। उस पर भदोही पुलिस की ओर 25 हजार रुपये और कमिश्नरेट वाराणसी की तरफ से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पूछताछ में पवन ने बताया कि उन लोगों ने चालक की हत्या कर ट्रक को लूट लिया था। कंधिया फाटक के पास रात्रि में पुलिस को देखकर ट्रक छोड़कर भाग गये थे। इसमें उनका एक साथी अमृतलाल पकड़ा गया था। सात जनवरी को भदोही थाने के करियांव में पुलिस मुठभेड़ में राजेश उर्फ खेतई ने गोली चलायी थी। बाद में पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब रही। इस दौरान वह भागने में सफल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।
प्रभुनाथ
