Monday, March 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: बेसिक शिक्षा में एक बार फिर बम्पर भर्ती की तैयारी, कमेटी...

उप्र: बेसिक शिक्षा में एक बार फिर बम्पर भर्ती की तैयारी, कमेटी गठित

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में एक बार फिर बंपर भर्ती की जाएगी। योगी आदित्यनाथ सरकार ने भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाग में रिक्त पदों और आवश्यकता के अनुसार नए पद सृजित किए जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां टीम-9 के साथ बैठक के दौरान कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार द्वारा सतत नियोजित कदम उठाए जा रहे हैं। इस क्रम में विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शिक्षकों के नवीन पद सृजन होना चाहिए। विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति भी की जानी चाहिए। विषय की महत्ता को देखते हुए राजस्व परिषद के अध्यक्ष की अध्यक्षता में एक विशेष समिति गठित की जा रही है। सचिव बेसिक शिक्षा और सचिव बेसिक शिक्षा परिषद इसमें सदस्य की भूमिका में होंगे। यह समिति रिक्त पदों का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में बेसिक शिक्षा विभाग में करीब सवा लाख सहायक अध्यापकों की भर्ती की गई है। सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार प्राथमिक विद्यालयों में पठन-पाठन के कार्य को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालयों के भवन निर्माण से लेकर वहां की अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। 2017 से पहले बहुत से ऐसे भी विद्यालय थे जिनमें एक भी शिक्षक नहीं थे। सरकार आने के बाद भर्ती की गई। विद्यालयों में रिक्त पदों को देखते हुए अध्यापकों का स्थानांतरण भी हुआ है। मौजूदा समय में प्रदेश में कोई भी ऐसा विद्यालय नहीं है जहां पर शिक्षक न हों। सरकार की मंशा है कि जितने भी सृजित पद हैं उन सभी पदों पर अध्यापकों की तैनाती की जाए।लिहाजा अध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए शासन के स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular