लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम में बीते वर्ष 2010 से 2017 के बीच 55 करोड़ रुपए के घोटाला होने का मामला सामने आया है। घोटाला प्रकाश में आने के बाद जांच में जुटे उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह को अब धमकी मिल रही है।
उत्तर प्रदेश में पिछली सरकार में बीज विकास निगम में शुरू हुआ घोटाला वर्ष 2017 में प्रदेश भाजपा की सरकार बनने के बाद विराम सा लग सका। लेकिन पिछली सरकारों में निगम के विभिन्न अधिकारियों ने आपसी तालमेल और सत्ता के संरक्षण में लगभग 55 करोड़ रुपए का घोटाला कर डाला।
वर्तमान समय में बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह को पूर्व के अधिकारियों से जान माल का खतरा है और वर्तमान में कार्यरत अधिकारी शकील अहमद पर उन्होंने धमकी देने एवं हमला कराने तक का आरोप लगा दिया है। राजेश्वर सिंह का कहना है कि घोटाले की जानकारी प्रकाश में आने के बाद जैसे ही उन्होंने जांच शुरू की एके राव के मोबाइल फोन से शकील अहमद नामक अधिकारी ने उनके फोन पर फोन कर धमकी दी।
उन्होंने घोटाला के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा कर दी है। भविष्य में इस घोटाले की गहराई से जांच कराई जाएगी।
