-पिछले वर्ष से अब तक 54 हजार अधिक अभ्यर्थी कर चुके हैं आवेदन
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2021-23 के आवेदन स्वीकार करने की तिथि बढ़ाकर अब 24 मार्च कर दी गयी है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने इसके लिए मंगलवार को ही घोषणा कर दी। पहले यह तिथि 15 मार्च तक ही थी। इससे पिछले वर्ष की तुलना में लगभग एक लाख अभ्यर्थी बढ़ जाने का अनुमान है।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की राज्य समन्वयक प्रो. अमिता वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि पिछले वर्ष कुल 4.31 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस वर्ष अभी तक 4.85 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं अर्थात पिछले वर्ष से 54 हजार अभ्यर्थी अधिक आवेदन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के व्यापक हित को दृष्टिगत रखते हुए बिना विलम्ब शुल्क के आॅनलाइन आवेदन पत्र स्वीकार करने की अन्तिम तिथि 15 मार्च 2021 से बढ़ाकर 24 मार्च कर दी गयी है व विलम्ब शुल्क के साथ आॅनलाइन आवेदन करने की अन्तिम तिथि 22 मार्च के स्थान पर 31 मार्च 2021 कर दी गयी है।
अभ्यर्थियों को परामर्श दिया गया है कि वे अन्तिम तिथि की प्रतीक्षा किये बिना अपना आॅनलाइन आवेदन पत्र शीघ्र भर लें। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क-हेल्पलाइन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की जा रही है। आॅनलाइन फार्म भरने में अभ्यर्थियों को सुविधा प्रदान करने के लिए इन्टरनेट की सुविधा के साथ कम्प्यूटर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। अभ्यर्थी लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित कम्प्यूटर केन्द्र में आकर अपना आॅनलाइन आवेदन पत्र निःशुल्क भर सकते हैं।
