रायबरेली, 26 मई(हि.स.)। योगी सरकार-2.0 के पहले बजट को लेकर लोगों में काफ़ी उत्सुकता रही। गुरुवार को विधानसभा में इसे पेश करने के दौरान लोग टीवी से चिपके रहे और मोबाइल पर बजट समाचार जानने में व्यस्त रहे।
जिले के प्रगतिशील किसान रामगोपाल सिंह ने इस बजट को किसानों के लिए बेहतरीन बताते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक बजट है, क्योंकि इससे किसानों की दूरगामी समस्याओं पर बात की गई है। चाहे सोलर पम्पों की बड़ी संख्या में स्थापना हो या बीजों का वितरण,लघु सिंचाई योजना आदि किसानों के प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगी।
ऊंचाहार निवासी किसान जग्गिलाल,राम प्रसाद, लवकुश आदि भी इस बजट में धान-गेहूं के समर्थन मूल्य बढ़ने से खुश हैं और इस किसानों के लिये हितकर बताया। बजट में वृद्धावस्था पेंशन को दुगना करने पर बुजुर्ग कैथवल निवासी जगदेव, कालीदीन, मोहन लाल ने काफ़ी खुश हैं और सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।
बजट में महिलाओं के लिये कई घोषणा की गई है, इसको लेकर हिन्दुस्थान समाचार से सरेनी निवासी क्षमा पांडे,रंजना ने कहा कि बजट में महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई उपाय किये गए हैं। इससे महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा और वह हर क्षेत्र में सशक्त होंगी।
ऊंचाहार की नीलम ने सभी बीट पर महिला हेल्पडेस्क व महिला पीएसी बटालियन के गठन को एक बड़ा कदम बताया। बजट में जिस तरह से 4 लाख नौकरियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है वह युवाओं के लिये उम्मीदों वाला है। युवा शिवकेश, राहुल गुप्ता, आलोक वैश्य आदि का कहना है कि हम सभी को एक उम्मीद जगी है और माध्यमिक शिक्षा से इसकी शुरुआत की जा रही है,उम्मीद है कि जल्द ही अन्य विभागों में भी आवेदन आ जाएंगे।
युवाओं का कहना है कि समय पर यदि सभी नियुक्तियों को कर लिया जाएगा तो यह सभी बेरोजगारों के लिए ऐतिहासिक कदम होगा। महर्षि गोकर्ण की तपस्थली गोकना गंगा घाट तीर्थ पुरोहित भी बजट को लेकर काफी खुश हैं।
मां गंगा गोकर्ण सेवा समिति के महामंत्री जीतेन्द्र द्विवेदी का कहना है कि नमामि गंगा मिशन को इस बजट में विशेष स्थान दिया गया है, जिससे मां गंगा पर आश्रित लोगों को जीविकोपार्जन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही अविरल और निर्मल गंगा भी सभी को मिल पाएगी।
योगी सरकार के इस बजट पर प्रो एसबी गुप्ता का कहना है कि यह बीजेपी के संकल्प पत्र के वायदे को पूरा करने की दिशा में है,साथ ही जिस तरह से बेसिक इंफ्रस्ट्रक्चर पर ध्यान दिया जा रहा है वह काबिलेतारीफ है।उन्होंने कहा कि यह संतुलित और उम्मीदों वाला बजट है।
रजनीश
