Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र : फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण शुरू, लखनऊ में जिलाधिकारी व...

उप्र : फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण शुरू, लखनऊ में जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त ने लगवाई वैक्सीन

लखनऊ (हि.स.)। राज्य में कोरोना टीकाकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्वास्थ्यकर्मियों को सभी जनपदों में दोनों प्रकार की वैक्सीन लगाई जा रही है। आज से फ्रंट लाइन वर्कर्स के टीकाकरण की भी शुरुआत हो गई है। अभी तक साढ़े सात सौ से अधिक सत्रों में कहीं से भी वैक्सीन लगाने पर किसी प्रकार की समस्या की शिकायत नहीं आई है। 

राजधानी में जिलाधिकारी और लखनऊ के पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार को सबसे पहले खुद को टीका लगवा कर फ्रंटलाइन वर्कर्स के टीकाकरण का कार्यक्रम प्रारम्भ कराया। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के साथ कलेक्ट्रेट में 14 से ज्यादा वरिष्ठ पीसीएस अफसरों ने भी टीका लगवाया। इसके अलावा अन्य अधिकारी, कर्मचारी और राजस्व कर्मियों को भी टीकाकरण कराया जा रहा है। वहीं पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था नवीन अरोड़ा व संयुक्त पुलिस आयुक्त नीलाब्जा चौधरी ने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में वैक्सीन लगवाई। 
डॉ. मनोज शुकुल, महाप्रबंधक नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के मुताबिक कोविड टीकाकरण में छूटे हुए हेल्थ केयर वर्कर्स के लिए 15 फरवरी को मॉपअप राउण्ड चलाया जायेगा, जो कि छूटे हुए हेल्थ केयर वर्कर्स के लिए टीकाकरण करवाने का अंतिम अवसर होगा। 
डॉ. शुकुल ने बताया कि अन्य टीकों की तरह इस टीके के कुछ लाभार्थियों को एक-दो दिन का सामान्य बुखार या अन्य मामूली स्वास्थ्यगत समस्याएं हो सकती हैं, जो स्वतः ही ठीक हो जाती हैं। पूर्व में हुए टीकाकरण के सभी लाभार्थी अब स्वस्थ हैं। हेल्थ वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर को  इस जानलेवा वैश्विक महामारी से बचाव के लिए अपनी बारी आने पर अपना टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि टीकाकरण सम्बन्धी किसी भी समस्या के लिए राज्य हेल्पलाइन नम्बर-104 और राष्ट्रीय हेल्पलाइन नम्बर-1075 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular