Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश उप्र: प्रथम चरण के सभी 10 नगर निगमों में जीतेंगे भाजपा के...

 उप्र: प्रथम चरण के सभी 10 नगर निगमों में जीतेंगे भाजपा के महापौर : ब्रजेश पाठक

सपा-बसपा के कई नेता व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नगर निकाय के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रचण्ड बहुमत से जीत हासिल करेगी। प्रदेश में सम्पन्न हुए प्रथम चरण के निकाय चुनाव के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा का मेयर बनेगा। इसके अलावा बड़ी संख्या में नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों में भाजपा के उम्मीदवार विजयी होंगे।

यह बातें शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में सपा-बसपा के कई नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने कोई विकास नहीं किया। विपक्ष पूरी तरह से एजेंडा विहीन है। विपक्ष के लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। हम लोग लगातार दौरे कर रहे हैं।

ब्रजेश पाठक ने पार्टी में शामिल नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का परिवार निरंतर बढ़ता जा रहा है। मोदी और योगी की नीतियों-रीतियों पर भरोसा करते हुए आप लोग पार्टी में शामिल हुए हैं। मैं आप लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पार्टी हमेशा आप के मान-सम्मान के लिए और आप को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी।

सपा-बसपा के कई नेता भाजपा में शामिल

बसपा के मेरठ मण्डल के कोआर्डिनेटर गोविन्द भारती, समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अनूप बारी, बारी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष जयराम बारी,लखनऊ बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरूण यादव, सपा नेता अंकित शर्मा, मुकेश राज भटनागर, रालोद की पूर्व जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर, धीरज सिंह व परशुराम सिंह ने अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। ब्रजेश पाठक ने इन नेताओं को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पटका पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बृजनन्दन/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular